Monday 27 August, 2007

रतन टाटा को उत्तराधिकारी की तलाश

नई दिल्ली ( पीटीआई ) : भारत के प्रमुख उद्योग घराने टाटा समूह को संभवत : अपने नए मुखिया के लिए 5 साल का और इंतजार नहीं करना होगा। टाटा ग्रुप के चेयरमैन रतन टाटा ने संकेत दिया है कि योग्य उत्तराधिकारी मिलने पर वह पद छोड़ने को तैयार हैं।
रतन टाटा के नेतृत्व में पिछले 16 साल में टाटा समूह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ी है। उनके खाते में विदेशों में कई बड़े अधिग्रहण जाते हैं। एक टीवी चैनल के साथ इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि ग्रुप में उनके बने रहने की अवधि इस बात पर निर्भर करती है कि कब कोई योग्य उत्तराधिकारी मिलेगा।
उन्होंने कहा कि हमारे नियमों के अनुसार अभी मेरा पास 5 साल का समय और है। लेकिन इससे पहले यदि हमें योग्य उत्तराधिकारी मिल जाता है तो मैं उससे पहले ही पद छोड़ सकता हूं। टाटा ने 1991 में समूह की बागडोर संभाली थी। इस साल 23 अगस्त की स्थिति के अनुसार टाटा ग्रुप का बाजार पूंजीकरण 52. 7 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। यह पूछने पर कि क्या वह उत्तराधिकारी जल्द ही खोज लेंगे , उन्होंने कहा कि मुझे ऐसी उम्मीद है , क्योंकि मैं कई चीजें करना चाहता हूं। रतन टाटा 96 कंपनियों के प्रमुख हैं और समूह के कर्मचारियों की संख्या 2. 46 लाख है।
टाटा के नेतृत्व में ही टाटा स्टील ने एंग्लो - डच स्टील कंपनी कोरस का अधिग्रहण करने में सफलता पाई। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि एक समय ऐसा आए जब टाटा भारत की तुलना में देश से बाहर ज्यादा बड़ा नाम हो। उन्होंने बताया कि कोरस के अधिग्रहण के बाद हमारा राजस्व का 50 फीसदी देश से बाहर से आएगा। कोरस के बिना यह 30 प्रतिशत रहता।
फोर्ड से जगुआर और लैंड रोवर माकेर्स मॉडल खरीदने के बारे में पूछे जाने पर टाटा ने कहा कि हमारी उनमें रुचि है। हालांकि , उन्होंने इस बारे में और कुछ खुलासा करने से इनकार किया।
टाटा मोटर्स के सिंगुर के लखटकिया कार प्रोजेक्ट के सामने रही दिक्कतों के बारे में उन्होंने कहा कि जिन लोगों की भूमि का अधिग्रहण किया गया है , हम गंभीरता से उन्हें परियोजना में हिस्सेदारी देने पर विचार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बेशक इस प्रोजेक्ट में हमारे लिए दिक्कतें रही हैं , लेकिन हमें पूरी उम्मीद है कि ' पीपल्स कार ' 2008 के मध्य या तीसरी तिमाही तक बाजार में जाएगी।
लागत बढ़ने की वजह से क्या यह कार लाख की रह पाएगी , इस पर टाटा का कहना था कि हमें उम्मीद है कि हम इस कीमत पर टिके रहेंगे। लखटकिया कार को लेकर सुरक्षा चिंताओं को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि यह प्रॉडक्ट सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों पर खरा उतरेगा।

No comments: