Saturday 12 April, 2008

विदेशी बाजारों में तेजी से भारतीय बाजार भी सुधरे

मुंबई : विदेशी शेयर बाजारों में तेजी और इंडेक्स ऑफ इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन के फिर से पटरी पर आने की उम्मीद के बीच देश के शेयर बाजारों ने महंगाई की दर में बढ़ोतरी को नजरंदाज किया जिसके चलते बाम्बे शेयर बाजार के सेंसेक्स ने तेजी का शतक लगाय। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी में भी 44 पॉइंट की बढ़त दर्ज की गयी।

सरकार की तरफ से इन्फ्लेशन के वीकली फिगर्स जारी किये गए जिसके मुताबिक इसमें 0.41 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और यह बढ़ कर 7.41 फीसदी पर पहुंच गयी। शुक्रवार को ही केन्द्रीय सांख्यिकी संगठन ने फरवरी माह का इंडेक्स ऑफ इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन जारी किया जो मंहगाई की दर के साढ़े तीन साल में सबसे ऊंचे लेवल पर पहुंचने की खबरों के बीच इकॉनोमी के लिए कुछ राहत देने वाली रही।

इस साल फरवरी के इंडेक्स ऑफ इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन में उपभोक्ता वस्तुओं और उपभोक्ता टिकाऊ सामान उद्योग के अच्छे प्रदर्शन की बदौलत 8.6 फीसदी की रफ्तार दर्ज की गई। इससे बाजारों में महंगाई का असर नहीं दिखा।

यूरोपीय शेयर बाजारों के साथ साथ एशियाई शेयार बाजारों में भी शुक्रवार को तेजी की खबर थी। जहां ब्रिटेन में बढ़त के साथ कारोबार की शुरूआत हुई वहीं हांगकांग का सूचकांक हेंगसेंग करीब दो फीसदी चढ़ कर दो महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। जापान के निक्केइ में भी 2.9 फीसदी का उछाल आया।

शुरुआत में ही बाजार में ही तेजी का माहौल था। शुरूआत गुरुवार के 15695.10 के मुकाबले 155.46 पॉइंट ऊंचा 15840.56 से हुआ लेकिन इन्फ्लेशन के बढ़ने की खबर आने के बाद इसमें कमी आई। विदेशी बाजारों में तेजी के बाद यहां भी विदेशी संस्थागत निवेशकों की सक्रियता बढ़ी और सेंसेक्स 112.46 पॉइंट ऊंचा बंद हुआ।

एनएसई का निफ्टी 44.80 पॉइंट 4777.80 पॉइंट पर पहुंच गया। बीएसई के मिडकैप और स्माल कैप में तो मामूली सुधार हुआ लेकिन पावर और आयल एंड गैस में दो फीसदी से भी ज्यादा का सुधार दिखा।

No comments: