Saturday 8 March, 2008

विदेशी मुद्रा भंडार 300 अरब डॉलर पर

मुम्बई। देश में विदेशी मुद्रा का कुल सुरक्षित भंडार 29 फरवरी को समाप्त हुए सप्ताह में एक सप्ताह पहले की तुलना में छह अरब 62 करोड़ 50 लाख डॉलर की लम्बी छलांग के साथ पहली बार 300 अरब डॉलर को पार कर गया।

सप्ताह के दौरान विदेशी मुद्रा का कुल भंडार 301 अरब 23 करोड़ 50 लाख डॉलर की नई चोटी पर पहुंच गया।

रिजर्व बैंक की तरफ से आज यहां जारी साप्ताहिक आंकड़ों के मुताबिक एक सप्ताह पहले विदेशी मुद्रा भंडार 294 अरब 61 करोड़ डॉलर था और पिछले साल यह इस अवधि में 194 अरब 63 करोड़ 40 लाख डॉलर के बराबर ही था।

उपरोक्त अवधि में विदेशी मुद्रा परिसम्पत्तियां सप्ताह के दौरान 284 अरब 98 करोड़ 90 लाख डॉलर से 291 अरब 25 करोड़ डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले साल दो मार्च को 187 अरब 28 करोड़ 20 लाख डॉलर के बराबर थीं।

सोने की छलांग के चलते सोना भंडार पहले के नौ अरब 19 करोड़ 90 लाख डॉलर के मुकाबले नौ अरब 55 करोड़ 80 लाख डॉलर पर पहुंच गया। पिछले साल सोना भंडार छह अरब 88 करोड़ 30 लाख डॉलर का था।

विशेष निकासी अधिकार की राशि शून्य रही। पिछले साल इस मद में 20 लाख डॉलर थे। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास सुरक्षित किस्त की राशि 42 करोड़ 20 लाख डॉलर से बढ़कर 42 करोड़ 70 लाख डॉलर हो गई, जो पिछले साल 46 करोड़ 70 लाख डॉलर के बराबर थी।

No comments: