Friday 7 March, 2008

सोना रिकॉर्ड ऊंचाई पर

नई दिल्ली. डॉलर में गिरावट और कच्चे तेल के भाव 106 डॉलर की रिकॉर्ड ऊंचाई पर जाने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना नए शिखर पर पहुंच गया है। स्थानीय सर्राफा में स्टैंडर्ड सोना वीरवार को 400 रुपए उछलकर 13,050 रुपए प्रति दस ग्राम की रिकार्ड ऊंचाई पर पहुंच गया।

सोने की खरीदी में तेजी लंदन में सोने के भाव 1,000 डालर प्रति औंस के करीब पहुंच जाने की खबर से आई। वीरवार को लंदन में सोना उछाल लेकर 995 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर पहुंच गया। राजकोट में सोना 260 रुपए चढ़कर 13,000 प्रति दस ग्राम के भाव से बिका। अहमदाबाद में सोना बुधवार के मुकाबले 270 मजबूत होकर 13,010 रुपए प्रति दस ग्राम की ऊंचाई पर पहुंच गया।

चांदी 27 साल के शिखर पर

विश्व बाजार में चांदी उछलकर 21.18 डॉलर प्रति औंस के साथ 27 साल की ऊंचाई पर पहुंच गई है। इसी की तर्ज पर नई दिल्ली में हाजर चांदी के भाव 1,200 रुपए की उछाल लेकर 25,000 रुपए प्रति किलो के नए शिखर पर पहुंच गए।

साप्ताहिक डिलेवरी वाले चांदी के भाव 1,355 रुपए उछलकर 26,400 रुपए प्रति किलो के शिखर पर पहुंच गए। राजकोट में हाजर चांदी 900 रुपए उछलकर 24,500 रुपए प्रति किलो के भाव से बिकी। जबकि अहमदाबाद में चांदी के भावों में 700 रुपए की बढ़त रही।

क्यों उछल रहा सोना

डॉलर न्यूनतम रिकार्ड स्तर पर: विश्व बाजार में वीरवार को डॉलर यूरो की तुलना में गिरकर 1.5358 के नए रिकॉर्ड स्तर पर गया है, जो 1999 में यूरो के चलन में आने के बाद डॉलर का सबसे न्यूनतम स्तर है।

क्या कारण: डॉलर के मूल्य में गिरावट यूरोप के केंद्रीय बैंक द्वारा अपनी ब्याज दरें 6 साल की ऊंचाई पर रखने से आई जबकि दूसरी ओर अमेरिका केंद्रीय बैंक लगातार अपनी ब्याज दरें घटा रहा है।

No comments: