Monday 3 March, 2008

शेयर बाजार भारी गिरावट पर

शेयर बाजारों में अभी भी बड़ी गिरावट जारी है। शुक्रवार को अमेरिकी बाजारों के टूटने के बाद आज एशियाई बाजार भी धराशाई हुए हैं और इसी चाल पर चलते हुए अब भारतीय बाजारों में भी जोरदार बिकवाली देखने को मिली है। शेयर बाजार सुबह के मुकाबले इस समय कुछ सुधरे हैं। यह सुधार सेंसेक्स और निफ्टी की गिरावट को कम करके क्रमशः 421 और 136 अंकों तक ले आई है।

इस समय बीएसई पर बैंकिंग क्षेत्र तीन फीसदी, पूंजीगत वस्तु, एफएमसीजी, आईटी, तेल गैस, ऊर्जा, पीएसयू, अचल सम्पत्ति और तकनीकी सूचकांक दो फीसदी से ज्यादा की कमजोरी दिखा रहे हैं। टिकाऊ उपभोक्ता और धातु क्षेत्र एक फीसदी से ज्यादा नीचे है। हालांकि बजट घोषणा में मिली सकारात्मक खबरों से ऑटो सूचकांक एक फीसदी की खरीदारी दिखा रहा है।

तीस शेयर वाले बीएसई संवेदी सूचकांक, सेंसेक्स में मारुति सुजुकी, महिन्द्रा एंड महिन्द्रा, बजाज ऑटो, टाटा मोटर्स, रिलायंस एनर्जी और हिंदुस्तान एनर्जी के शेयर में तेजी है। यहां एसबीआई, आईटीसी, आईसीआईसीआई बैंक, विप्रो, भारती एयरटेल, भेल, रिलायंस, इंफोसिस, सत्यम कम्प्यूटर्स और एचडीएफसी के शेयर सबसे ज्यादा गिरावट में हैं।

सुबह 10:37 बजे

मुम्बई शेयर बाजार का सेंसेक्स 17,156.89 के स्तर पर 421.83 अंक नीचे और राष्ट्रीय शेयर बाजार का निफ्टी 5087.15 के स्तर पर 136.35 अंक नीचे।

सुबह 9:56 बजे

मुम्बई शेयर बाजार का सेंसेक्स 17,007 के स्तर पर 570 अंक नीचे और राष्ट्रीय शेयर बाजार का निफ्टी 5060 के स्तर पर 163 अंक नीचे।

शेयर बाजारों में आज फिर कोहराम मचा है। शुक्रवार को अमेरिकी बाजारों के टूटने से और इसी के असर से आज एशियाई बाजारों के धराशाई होने से भारतीय बाजारों में भी जोरदार बिकवाली दिखी है। इस समय सेंसेक्स करीब 570 और निफ्टी 163 अंक नीचे गिरा है।

इस समय सेंसेक्स के तीस शेयरों में से कोई भी शेयर बढ़त पर नहीं खुले है। हालांकि सभी शेयरों में कारोबार धीरे-धीरे ही जोर पकड़ रहा है। बीएसई पर सभी क्षेत्रीय सूचकांकों में गिरावट है और यह गिरावट कम से कम एक फीसदी की जरुर है। बैंकिंग, पूंजीगत वस्तु, एफएमसीजी, ऊर्जा, पीएसयू जैसे क्षेत्रों में तो तीन फीसदी से ज्यादा की गिरावट है।

अमेरिकी बाजार

अमेरिकी बाजारों में शुक्रवार को भारी गिरावट देखी गई। शुक्रवार को डाओ जोंस 315 अंक से ज्यादा गिर गया। यह गिरकर 12,266 पर गया है। वहीं नैस्डेक ढाई फीसदी से ज्यादा लुढ़क गया। एसएंडपी500 सूचकांक में भी ढाई फीसदी से ज्यादा की गिरावट देखी गई।

एक रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका में कारोबारी गतिविधियां 2001 के बाद सबसे नीचे गई है। वहीं वित्तीय कम्पनीयूबीएस एजीके मुताबिक साख समस्या की वजह से 600 अरब डॉलर (23,808 अरब रुपए) का नुकसान होगा। इससे कल बाजार पर दबाव बना है।

No comments: