Thursday 6 March, 2008

सोने व चांदी की तेजी रुकी

नई दिल्ली। कच्चे तेल की कीमतों के लुढ़कने से विश्व बाजार में आई मंदी ने स्थानीय सर्राफा बाजार में 13,000 रुपए की तरफ कदम बढ़ा रहे सोने पर आज विराम लगा दिया। इसके दाम 200 रुपए टूटकर 12,650 रुपए प्रति दस ग्राम रह गए। चांदी 23,800 रुपए पर 500 रुपए लुढ़क गई।

विदेशी बाजारों में कल शाम से ही सोना और चांदी बिकवाली के दबाव से मंदी में थे। न्यूयॉर्क में इसकी कीमत कच्चे तेल के भावों में तीन प्रतिशत से अधिक गिरावट और सटोरियों की बिकवाली से करीब दो प्रतिशत घटकर कल 963.20-964.00 डॉलर प्रति ट्राय औंस रह गई थी। हालांकि सिंगापूर में आज यहां इसकी तुलना में एक डॉलर ऊपर 964.50-965.30 डॉलर प्रति ट्राय औंस बोला गया। सोमवार को सोने ने 989.30 डॉलर प्रति ट्राय औंस का रिकॉर्ड बनाया था।

सोने के दामों में गिरावट के बावजूद विश्लेषकों ने इसके 1,000 डॉलर प्रति ट्राय औंस की उम्मीद नहीं छोड़ी है।

चांदी सोमवार के 27 वर्ष के 20.60 डॉलर प्रति ट्राय औंस की तुलना में करीब एक डॉलर नीचे 19.52-19.57 डॉलर प्रति ट्राय औंस बोली गई।

स्थानीय बाजार में सोना स्टैंडर्ड 200 रुपए के नुकसान से 12,650 रुपए प्रति दस ग्राम रह गया। गत दिवस यह 12,850 रुपए के रिकॉर्ड स्तर पर था। चांदी टंच (999) हाजिर में 23,800 रुपए पर 500 रुपए प्रति किलो निकल गए।

भाव रुपए में इस प्रकार रहे
सोना (प्रति दस ग्राम) स्टैंडर्ड 12,650, बिटुर 12,590
गिन्नी (प्रति आठ ग्राम) 9,975
चांदी (प्रति किलो) टंच (999) हाजिर 23,800, वायदा 25,045
चांदी सिक्का (प्रति सैंकड़ा) लिवाली 26,700, बिकवाली 26,800

No comments: