Thursday 13 March, 2008

शेयर बाजार में भारी बिकवाली

देश के शेयर बाजार में आज एक बार फिर बिकवाली की मार पड़ी है और यह धीरे-धीरे गहराती जा रही है। एशियाई बाजारों में भी लगातार कमजोरी बढ़ रही है। फिलहाल सेंसेक्स 581 और निफ्टी 190 अंक नीचे कारोबार कर रहा है।

इस समय बाजारों में चौतरफा गिरावट है और सभी क्षेत्रीय बाजार बिकवाल बने हैं। ऊर्जा और धातु क्षेत्र में सबसे ज्यादा मार पड़ी है। सीएनएक्स मिडकैप सूचकांक भी तीन फीसदी तक लुढ़का है।

आज की कमजोरी वैश्विक शेयर बाजार के गिरने के परिणामस्वरुप आई है। कच्चे तेल के भाव 110 डॉलर प्रति बैरल तक चढ़ने और फेड द्वारा मंदी रोक पाने की आशंका के कारण कल अमेरिकी बाजारों में गिरावट आई। इसकी सबसे ज्यादा मार रिफाइनरी, खुदरा बैंक क्षेत्र के शेयर पर पड़ी। इसके बाद एशियाई बाजार भी लुढ़के हैं।

सुबह 10:51 बजे

मुम्बई शेयर बाजार का सेंसेक्स 15,546.19 के स्तर पर 581.79 अंक नीचे और राष्ट्रीय शेयर बाजार का निफ्टी 4,681.65 के स्तर पर 190.35 अंक नीचे कारोबार कर रहा है।

सुबह 9:57 बजे

मुम्बई शेयर बाजार का सेंसेक्स 15,641.50 के स्तर पर 486.48 अंक नीचे और राष्ट्रीय शेयर बाजार का निफ्टी 4,719.40 के स्तर पर 152.60 अंक नीचे कारोबार कर रहा है।

एशियाई बाजार

एशियाई बाजार भी आज काफी कमजोर हैं। यहां हांगकांग का हैंगसेंग 2.35 फीसदी यानी 549.89 अंक नीचे कारोबार कर रहा है। जापान के निक्केई में 2.03 फीसदी यानी 261.08 अंक की कमी है। ताइवान का ताइवान व्हेटेड 0.66 फीसदी यानी 55.36 अंक नीचे है। दक्षिण कोरिया का सिओल कम्पोजिट 1.30 फीसदी यानी 21.62 अंक गिरा है। सिंगापूर का स्ट्रेट टाइम्स 1.13 फीसदी यानी 33.04 अंक टूटा है।

अमेरिकी बाजार

अमेरिकी बाजार कल पांच दिन में चौथी बार गिर गए। डाओ जोंस 46.57 अंक नीचे 12,110.24 के स्तर पर बंद हुआ। नैस्डेक 11.89 अंक गिरकर 2,243.87 के स्तर पर बंद हुआ। एसएंडपी500 सूचकांक 11.88 अंक गिरा और 1,308.77 के स्तर पर बंद हुआ।

No comments: