Tuesday 22 January, 2008

एशियाई शेयर बाजार आज भी धराशाई

लगातार दूसरे दिन दुनिया के शेयर बाजारों में शेयरों के चीथड़े उड़ने जारी हैं। आज मंगलवार को हांगकांग का शेयर बाजार छह प्रतिशत से भी ज्यादा गिर गया। चीन का शेयर बाजार ट्रेडिंग के आरंभिक दौर में ही छह प्रतिशत गिर गया। जबकि जापानी शेयर बाजार निक्केई चार प्रतिशत गिर कर बंद हुआ।

संबंधित खबर : सेंसेक्स के इतिहास की सबसे बड़ी गिरावट

अमेरिकी अर्थव्यवस्था के मंदी की ओर बढ़ने के डर से दुनिया भर के शेयर बाजारों में कल से जारी भारी बिकवाली का दौर आज भी नहीं थमा। एशियाई बाजारों की जो हालत है उसे देखते हुए भारतीय बाजारों में सोमवार जैसी तबाही दोहराए जाने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

मंगलवार को हांगकांग का बेंचमार्क इंडेक्स “ हैंग सेंग” खुलते ही 6.1% गिर गया। कुछ देर बाद हालांकि इसकी हालत कुछ सुधरी। दोफर बाद तक (हांगकांग के समयानुसार) यह 5.31% नीचे था।

जापानी शेयर बाजार निक्केई भी मंगलवार को अरंभिक ट्रेडिंग में 4% गिर गया।

सोमवार को सारे एशियाई और यूरोपीय शेयर बाजार औंधे मुंह गिर गए थे। यह गिरावट अमेरिकी मंदी रोकने के लिए बुश प्रशासन के कदमों के प्रति निवेशकों के नाउम्मीदी और पिछले सप्ताह अमेरिकी बाजारों में आई गिरावट के के कारण है। सोमवार को अमेरिकी बाजार मार्टिन लूथर किंग की याद में दी जाने वाली छुट्टी के कारण बंद रहे थे।

लेकिन यूरोपीय देशों में ब्रिटेन का शेयर बाजार सोमवार को 5.5% गिरा, फ्रांस का 6.8% और जर्मनी का शेयर बाजार 7.2% गिर गए।

चीन का शेयर बाजार आज मंगलवार को आरंभिक ट्रेडिंग में ही 6% से भी ज्यादा गिर गया। इसमें करीब 300 अंकों की गिरावट आई। कल यहां का शेयर बाजार दिन के खत्मे तक 5.1% गिरा था।

No comments: