Saturday 22 December, 2007

रिलायंस ब्रैंड नेम में बहुत कुछ रखा है

नई दिल्ली : इसे रिलायंस शब्द का जादू कहें या फिर कुछ और, पर सचाई यह है रिलायंस ब्रैंड नेम का सिक्का दुनिया भर में चल रहा है। बात मुकेश और अनिल अंबानी के मालिकाना हक वाले रिलायंस समूह की हो, या फिर अमेरिकी कंपनी रिलायंस स्टील एंड ऐल्युमिनियम की, रिलायंस ब्रैंड नेम का अपना जलवा है।

जी हां, अमेरिका की जानी-मानी बिजनेस मैगजीन फोर्ब्स ने रिलायंस स्टील एंड ऐल्युमिनियम को अमेरिका की बेस्ट मैनेज्ड कंपनियों की लिस्ट में जगह दी है। लॉस ऐंजिलिस की इस कंपनी को मटीरियल्स सेक्टर की बेस्ट मैनेज्ड कंपनियों में पहले पायदान पर रखा गया है। पिछले 5 साल के इक्विटी रिटर्न, टर्नओवर और प्रॉफिट के आधार पर कंपनी को यह जगह दी गई है।

नाम के पहले अक्षर में समानता के अलावा भारत के रिलायंस समूह और इस अमेरिकी कंपनी में कोई दूसरी समानता नहीं है। यह स्टील कंपनी भारत में अंबानी ब्रदर्स की कंपनियों के मुकाबले काफी छोटी है। इस कंपनी का मार्केट कैप महज 4 अरब डॉलर है, जबकि सिर्फ मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड का मार्केट कैप 100 अरब डॉलर से भी ज्यादा है। अनिल और मुकेश अंबानी की कोई भी कंपनी स्टील और ऐल्युमिनियम का कारोबार नहीं करती। लिहाजा इस मामले में भी रिलायंस स्टील और भारत के रिलायंस समूह में कोई समानता नहीं है।

हां, इतना जरूर है कि फोर्ब्स मैगजीन ने हाल ही में दुनिया के रईसों की लिस्ट जारी की थी, जिसमें अनिल और मुकेश दोनों का नाम था। अब इस अमेरिकी कंपनी को फोर्ब्स मैगजीन की लिस्ट में जगह मिली है।

No comments: