Monday 8 October, 2007

सोने-चाँदी की चमक फीकी

नई दिल्ली- विदेशों में नरमी के समाचारों और पितृ पक्ष के कारण माँग ठंडी रहने से स्थानीय सराफा बाजार में बीते सप्ताह दोनों कीमती धातुओं में गिरावट का रूख रहा। सोने में 85 रुपए और चाँदी में 400 रुपए की गिरावट दर्ज की गई।

न्यूयार्क में सप्ताह की शुरुआत तो दोनों कीमती धातुओं में तेजी से हुई। मंगलवार को वहाँ सोने के भाव 747.65 डॉलर प्रति ट्राय औंस पहुँच गए जो 28 वर्षों का एक नया रिकार्ड है। लेकिन बाद में अन्य विदेशी मुद्राओं की तुलना में डॉलर की मजबूती और ऊँचे भावों पर मुनाफा वसूली से इनमें गिरावट रही।

इस सप्ताह अमेरिका के जारी नौकरियों के आँकड़े निराशाजनक रहे हैं। दूसरी ओर यूरोपीय केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष जीन क्लाउड ट्रिशेट ने कहा है कि बाजार की अस्थिरता से अर्थव्यवस्था की मंदी का खतरा बना हुआ है।

सोने के तीसरे सबसे बड़ें उपभोक्ता देश माने जाने वाले तुर्की में सितंबर के दौरान पिछले साल की समान अवधि की तुलना में सोने का आयात 49 फीसदी घट कर 13.6 टन रह गया है। उधर बैंक ऑफ इंग्लैड द्वारा सोना बेचने की खबरे हैं।

न्यूयार्क में सोने के भाव गत शुक्रवार के 742.40-743.20 डॉलर प्रति ट्राय औंस के मुकाबले छह डॉलर से अधिक टूट कर 736.10-736. 90 डॉलर प्रति ट्राय औंस रह गए। चाँदी में भी यही हाल रहा।

पिछले सप्ताह न्यूयार्क में जहाँ इसके भाव 13.71-13.76 डॉलर प्रति ट्राय औंस थे वहीं इस सप्ताह यह 30 सेंट गिर कर 13.41-13.46 डॉलर प्रति ट्राय औंस रह गई।

No comments: