Thursday 25 October, 2007

अनिल अंबानी समूह ने सेबी से की शिकायत

नई दिल्ली: अनिल अंबानी समूह ने सेबी से मांग की है कि रिलायंस पावर के प्रस्तावित आईपीओ के बारे में अफवाहें फैलाने के मामले की जांच होनी चाहिए। रिलायंस पावर 12, 000 करोड़ रुपए पहले पब्लिक इश्यू के जरिए जुटाना चाहती है। अनिल अंबानी समूह ने सेबी से औपचारिक शिकायत में कहा है कि रिलायंस पावर के आईपीओ के खिलाफ चलाए जा रहे दुष्प्रचार की जांच होनी चाहिए। शिकायत में उन लोगों के नाम भी बताए गए हैं, जिन्होंने दुष्प्रचार किया है।

आईईएल इनवेस्टर्स फोरम ने आरोप लगाया था कि रिलायंस पावर का आईपीओ आने से रिलायंस एनर्जी के शेयरधारकों को नुकसान होगा। रिलायंस पावर 12 बिजली परियोजनाओं के लिए 160 करोड़ शेयर जारी करने वाली है। इन बिजलीघरों में करीब एक लाख करोड़ रुपए का निवेश होगा। रिलायंस पावर के आईपीओ को देश में सबसे बड़ा माना जा रहा है, क्योंकि इसके जरिए 12, 000 करोड़ जुटाए जा रहे हैं।

एडीएजी ने मंगलवार को कहा था कि आईपीओ के लिए सेबी की मंजूरी का इंतजार किया जा रहा है। इस बीच कुछ निहित स्वार्थ दुष्प्रचार कर रहे हैं।

No comments: